सितारगंज। सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ सोमवार को राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन निर्माणों को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी में टीम ने चिह्नित अतिक्रमण हटाकर सरकारी भूमि कब्जामुक्त करा ली।
मीना बाजार रोडवेज स्टेशन मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण कार्य लंबे समय से तीन दुकानों के अतिक्रमण के कारण बाधित था। सोमवार को नायब तहसीलदार नरेंद्र गहतोड़ी और लोक निर्माण विभाग के अपर सहायक अभियंता सत्यपाल सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने जेसीबी मशीनों की मदद से तीन दुकानों के निर्माण ध्वस्त कर दिए। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध जताया। जिससे मौके पर कुछ देर तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए अभियान जारी रखा। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित कब्जाधारकों को पूर्व में नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन समय सीमा बीतने के बाद भी निर्माण नहीं हटाए गए।

लोक निर्माण विभाग के अपर सहायक अभियंता सत्यपाल सिंह ने बताया कि क्षेत्र में नाली निर्माण और सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रस्तावित है। अतिक्रमण हटने के बाद अब शेष निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाएगा। अभियान के दौरान अमित सक्सेना, अनंत शर्मा, एसएसआई राजेंद्र मुनियाल, एसआई कैलाश देव, बबीता समेत राजस्व, पुलिस और लोक निर्माण विभाग की टीम मौजूद रही।