​पीलीभीत। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि, कैशलेस चिकित्सा और जीवन बीमा जैसी तीन बड़ी सौगातों की घोषणा के बाद शिक्षामित्रों में हर्ष की लहर है। इसी क्रम में नगर क्षेत्र पीलीभीत के शिक्षामित्रों द्वारा शहर के मॉडल स्कूल (प्राथमिक विद्यालय तखान) में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया, जबकि खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार ने पुष्प अर्पित कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
समारोह को संबोधित करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शिक्षामित्रों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करना एक ऐतिहासिक कदम है। अब शिक्षामित्रों को प्रतिमाह ₹18,000 का मानदेय सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी (DBT) के माध्यम से प्राप्त होगा। उन्होंने शिक्षामित्रों के धैर्य की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी इन लोगों ने शिक्षा व्यवस्था की कमान संभाली है, इसलिए यह मानदेय वृद्धि उनके सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार ने सरकार की अन्य महत्वपूर्ण घोषणाओं की जानकारी देते हुए बताया कि अब शिक्षामित्रों और उनके आश्रितों को ₹5 लाख तक का कैशलेस इलाज (आयुष्मान भारत की तर्ज पर) उपलब्ध होगा। इसके अतिरिक्त, सामाजिक सुरक्षा के तहत जीवन बीमा और दुर्घटना बीमा का लाभ भी मिलेगा, जिसमें किसी अप्रिय घटना पर परिवार को ₹5 लाख से ₹10 लाख तक की सहायता दी जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि जब बैंक खातों में नियमित धनराशि पहुंचेगी, तो बैंकिंग समन्वय के जरिए शिक्षामित्रों को अतिरिक्त सुरक्षा कवर और वित्तीय सुविधाएं प्राप्त करने में आसानी होगी।
समारोह के दौरान प्राथमिक विद्यालय तखान के स्टाफ और नगर क्षेत्र के समस्त शिक्षामित्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए स्कूल स्टाफ द्वारा अतिथियों और शिक्षामित्रों हेतु भोजन एवं उपहारों की भी व्यवस्था की गई थी। शिक्षामित्रों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन ‘ट्रिपल तोहफों’ से उनके भविष्य को नई सुरक्षा और स्थिरता मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *