​पीलीभीत। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने शुक्रवार को विकासखण्ड ललौरीखेड़ा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की शैक्षणिक स्थिति, छात्रावास की सुविधाओं और भोजन की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया। जिलाधिकारी ने सीधे कक्षाओं में जाकर छात्राओं से संवाद किया और उनसे सवाल पूछकर शिक्षा के स्तर को परखा। उन्होंने अध्यापकों को निर्देशित किया कि पठन-पाठन का कार्य निर्धारित समय सारणी के अनुसार पूरी निष्ठा से किया जाए, ताकि छात्राओं का भविष्य उज्जवल हो सके। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिक्षा के स्तर में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
​निरीक्षण के अगले चरण में जिलाधिकारी ने विद्यालय के रसोईघर और छात्रावास का भ्रमण किया। उन्होंने रसोई में बन रहे भोजन की शुद्धता की जांच की और वार्डन को सख्त निर्देश दिए कि मीनू के अनुसार ही ताजी हरी सब्जियां और पौष्टिक भोजन तैयार कराया जाए। भोजन की गुणवत्ता के साथ किसी भी स्तर पर समझौता न करने की हिदायत दी गई। इसके साथ ही छात्रावास में छात्राओं के रहने, बिस्तर की साफ-सफाई, बिजली की उपलब्धता और पेयजल व नहाने के पानी की समुचित व्यवस्था का भी अवलोकन किया गया।


​निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और छात्राओं की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर श्रद्धा सिंह, विद्यालय की प्रधानाचार्या, वार्डन और समस्त अध्यापिकाएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *