​पूरनपुर। पूरनपुर स्थित स्वामी एजुकेशनल महाविद्यालय में विश्व हिंदू परिषद की जिला कार्यकारिणी बैठक संपन्न हुई, जिसके बाद दोपहर के भोजन और भजन कार्यक्रम के उपरांत माधोटांडा स्थित मां गोमती उद्गम स्थल पर ‘अखंड भारत संकल्प दिवस’ का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विहिप पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।


​कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता प्रांत मंत्री अनुज कुमार सिंह ने अखंड भारत की अवधारणा, भारतीय इतिहास और सनातन परंपराओं के संरक्षण पर बल दिया। उन्होंने देश के विभाजन और ऐतिहासिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से भारतीय संस्कृति के अध्ययन और समाज में आपसी एकता व सद्भाव को मजबूत करने का आह्वान किया। अपने संबोधन में उन्होंने गुरु तेग बहादुर जी और गुरु गोविंद सिंह जी के अतुलनीय बलिदान को याद करते हुए कहा कि धर्म व मानवीय मूल्यों की रक्षा के लिए महापुरुषों का जीवन सदैव प्रेरणादाई रहा है। उन्होंने समाज से जाति-पाति का भेदभाव मिटाकर एकजुट होने की अपील की।


​इसके साथ ही, उन्होंने भगवान श्रीराम और हनुमान जी के जीवन आदर्शों का उदाहरण देते हुए कार्यकर्ताओं को समर्पण, अनुशासन, साहस और मर्यादा का पालन करने का संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाज की चुनौतियों का सामना कानून और संगठन के दायरे में रहकर सकारात्मक रूप से किया जाना चाहिए।


​बैठक के दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए आगामी कार्ययोजना भी तैयार की गई। इसमें प्रखंड, खंड और ग्राम स्तर तक अधूरी समितियों का शीघ्र गठन करने, पहले से गठित समितियों को सक्रिय करने तथा जिला टोली के पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न प्रखंडों में प्रवास करने का निर्णय लिया गया। इन प्रवासों के माध्यम से नियमित बैठक, सत्संग और हनुमान चालीसा पाठ जैसे धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी।


​इस अवसर पर प्रांत सह सत्संग प्रमुख श्री कृष्णा गंगवार, जिला अध्यक्ष अमरीश मिश्रा, जिला मंत्री प्रवीण मोहन, जिला संगठन मंत्री ललित, जिला उपाध्यक्ष रूम सिंह यादव, जिला उपाध्यक्ष नीलिमा पाल, जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख प्रीतम शर्मा, जिला सह मंत्री रणवीर पाठक, जिला सह मंत्री रामू भद्र, जिला दुर्गा वाहिनी संयोजिका परमजीत कौर, जिला दुर्गा वाहिनी सहसंयोजक दीप्ति शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष संगम अग्रवाल, माधोटांडा प्रखंड अध्यक्ष गंगाराम, प्रखंड मंत्री अजीत सिंह, पूरनपुर प्रखंड अध्यक्ष लक्ष्मण जी, दिनेश राठौर और राजवीर सिंह सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi