पीलीभीत। महोबा जनपद में नीट परीक्षा की तैयारी कर रही एक दलित छात्रा के साथ हुई बर्बर, अमानवीय और हृदयविदारक घटना को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रादेशिक आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता सोमवार को कचहरी तिराहे पर एकत्र हुए। वहां से कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला और कलेक्ट्रेट पहुंचे। इसके बाद कांग्रेसियों ने उत्तर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल को संबोधित एक विस्तृत ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय पर सिटी मजिस्ट्रेट राज्यवर्धन सिंह को सौंपा।
​ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महोबा में नीट की तैयारी कर रही दलित छात्रा का अपहरण कर उसे कई दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान उसके साथ सामूहिक अत्याचार, मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना जैसी घृणित वारदात को अंजाम दिया गया, यहाँ तक कि जबरन विवाह का प्रयास भी किया गया। कांग्रेस ने इस घटना को न केवल एक छात्रा पर हमला, बल्कि भारतीय संविधान, सामाजिक न्याय, महिला सम्मान और कानून व्यवस्था पर सीधा प्रहार बताया है। नेताओं ने उत्तर प्रदेश की चरमराती कानून व्यवस्था पर गहरा क्षोभ व्यक्त करते हुए कहा कि सूबे में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और महिलाओं व दलित समाज की सुरक्षा पर गंभीर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं।


​महामहिम राज्यपाल से मांग की गई है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अनुसूचित जाति-जनजाति (एससी-एसटी) एक्ट, महिला सुरक्षा कानूनों एवं अन्य संगीन धाराओं के तहत कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर समयबद्ध न्याय सुनिश्चित किया जाए। कांग्रेस ने पीड़ित छात्रा एवं उसके परिवार को तत्काल समुचित सुरक्षा, उच्च स्तरीय चिकित्सा सहायता, मनोवैज्ञानिक परामर्श और सम्मानजनक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी पुरजोर वकालत की है। इसके अलावा, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच किसी उच्च स्तरीय समिति या सक्षम विशेष जांच एजेंसी से कराने और लापरवाही बरतने वाले पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों पर भी कार्रवाई की मांग की गई है।
​जिला कांग्रेस (मीडिया विभाग) के प्रवक्ता हेमंत मिश्रा एडवोकेट के अनुसार, ज्ञापन सौंपते समय जिला अध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा के साथ शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकृष्ण गंगवार, यूसुफ मलिक, नागेश पाठक, नवीन सक्सेना, ईश्वर दयाल पासवान, छात्र कांग्रेस अध्यक्ष राजेश वर्मा और युवक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप गंगवार प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इनके अलावा प्रदीप मौर्य, राजू मिश्र, मो० अजीम, कमल कुमार गौड़, नरेश शुक्ला, रफीक अहमद, कमलेश, नसीम जहाँ, रिजवान मियां, अल्पसंख्यक कांग्रेस अध्यक्ष इश्तियाक अहमद अंसारी, मो० सलीम, विधि प्रदेश सचिव मुनेन्द्र सक्सेना एडवोकेट, मनोज मिश्रा, राजीव गंगवार, मो० इरफान, मो० हिजरन, तेजेन्द्र सिंह, धर्मपाल, तरुण सिंह, गुरचरन सिंह, कुंवरसेन पासवान, विजय सिंह, महारानी पाल, मुन्नी, राकेश मिश्रा और मो० कासिम सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *