पीलीभीत। जनपद पीलीभीत के विकास खण्ड पूरनपुर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम पंचायत रम्पुरा फकीरे में आज माँ गोमती नदी के पुनरूद्धार और निर्मल गंगा जल अभियान कार्य का विधि-विधान से पूजन कर भव्य शुभारम्भ किया गया। इस ऐतिहासिक कार्य की शुरुआत जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह और ब्लॉक प्रमुख पूरनपुर के प्रतिनिधि अपूर्व सिंह द्वारा संयुक्त रूप से की गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि, गायत्री परिजन, व्यापारियों, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा भारी संख्या में उपस्थित आमजन ने स्वयं फावड़ा चलाकर नदी के पुनरोद्धार हेतु बढ़-चढ़कर श्रमदान किया। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने माता भगवती देवी गोशाला पर आयोजित कार्यक्रम में भी भाग लिया, जहां आयोजित भंडारे में सभी श्रमदानियों के साथ उन्होंने भोजन प्रसाद ग्रहण किया। गोशाला प्रबंधक अनंतराम पालिया और लालता प्रसाद शास्त्री आदि ने वहां पहुंचे सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने कहा कि गोमती नदी को आदि गंगा के नाम से जाना जाता है और माननीय मुख्यमंत्री जी ने इसके पुनरुद्धार पर विशेष ध्यान दिया है। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में माधोटांडा एक बहुत बड़ा पर्यटन स्थल बनने जा रहा है। जिलाधिकारी ने नदी के ऐतिहासिक व पर्यावरणीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रशासनिक स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी और बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गोमती नदी के जल को स्वच्छ बनाना तथा इसके जल प्रवाह को अविरल रखना है, जिससे क्षेत्र के जल स्तर में सुधार हो सके। वहीं, माननीय ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अपूर्व सिंह ने गोमती नदी को पीलीभीत की पहचान और हमारी सभ्यता की जीवनरेखा बताते हुए कहा कि यह पुनरुद्धार आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने और स्थानीय जैव विविधता को नया जीवन देने का अभियान है। उन्होंने निर्देश दिया कि नदी की खुदाई और सफाई का कार्य पूरी तरह सही तरीके से कराया जाए।

इस दौरान गायत्री परिवार के समरवीर सिंह, अशोक खंडेलवाल, ठाकुर अजय सिंह तथा ड्रीम मैंगो की दीपिका चतुर्वेदी सहित कई गणमान्य लोगों ने अपने विचार रखे, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन पूरनपुर के बीडीओ/डीसी मनरेगा द्वारा किया गया। अभियान के शुभारंभ के अवसर पर भारी जनसमूह उमड़ा और देर तक गोमती माता के जयकारे गूंजते रहे, साथ ही सभी ने अगले कार्यक्रमों में भी इसी श्रद्धा भाव से पहुंचने का संकल्प लिया। इस मौके पर पूरनपुर व कलीनगर के उपजिलाधिकारी (एसडीएम), तहसीलदार, विकास विभाग के अधिकारीगण तथा गोमती सेवक राममूर्ति सिंह, लक्ष्मण प्रसाद वर्मा, कुंवर निर्भय सिंह, संदीप खंडेलवाल, गुड्डू वाजपेई, रामनरेश शुक्ला, शक्ति सिंह, राजेश गुप्ता, राजू खंडेलवाल, लक्ष्मीकांत भारद्वाज, किरण सिंह और गौरव पांडेय सहित बड़ी संख्या में गायत्री परिजन, व्यापारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)