गजरौला (पीलीभीत)। गजरौला थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 48 वर्षीय महिला का शव उसके घर में संदिग्ध हालात में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान झानवती (48), पत्नी जोगराज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से पारिवारिक तनाव से गुजर रही थी। शनिवार सुबह घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद महिला कमरे में चली गई। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों ने देखा तो वह अचेत अवस्था में पाई गई।
सूचना मिलते ही गजरौला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा भरकर जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी भिजवा दिया।
थाना अध्यक्ष राजवीर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल मृतका के मायके पक्ष या परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस प्रशासन के अनुसार, शिकायत मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। गांव में स्थिति सामान्य बनी हुई है और पुलिस हर पहलु की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *