​पीलीभीत। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के तत्वावधान में बनकटी रोड पर कार्यक्रम संयोजक राजेंद्र के आवास के सामने एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस बैठक में संगठन को निकाय स्तर से लेकर गांव-गांव तक मजबूत करने और उसकी पहुंच जन-जन तक बढ़ाने को लेकर विस्तार से रणनीति तैयार की गई। बैठक का कुशल संचालन पूर्व सुरक्षा प्रमुख श्रीपाल द्वारा किया गया।


​हिंदू समाज की एकजुटता और युवाओं की भागीदारी पर विशेष जोर

​बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विहिप के जिला मंत्री प्रवीण मोहन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती हिंदू समाज की एकजुटता और युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर टिकी है। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन की रीढ़ बताते हुए आह्वान किया कि सभी को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर समाज सेवा और धर्म जागरण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाना चाहिए। वहीं बजरंग दल के जिला संयोजक परविंदर ने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए रूपरेखा साझा की और कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपते हुए संगठन के विस्तार पर बल दिया।


​बनकटी खंड कार्यकारिणी की घोषणा, पटका पहनाकर सौंपी जिम्मेदारी
​बैठक के दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने के लिए बनकटी खंड की नई टीम की विधिवत घोषणा की गई। नवमनोनित पदाधिकारियों को पटका पहनाकर दायित्व सौंपे गए, जिनमें राजेंद्र को खंड अध्यक्ष, नरेश को खंड मंत्री, भगवान स्वरूप को खंड उपाध्यक्ष और विजय पाल को खंड सहमंत्री की जिम्मेदारी दी गई। इसके साथ ही वीरेंद्र को खंड संयोजक, प्रवेश कुमार को खंड सह संयोजक तथा वारिश को खंड प्रचार-प्रसार प्रमुख का दायित्व सौंपा गया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन की गतिविधियों को गति देने का संकल्प लिया।


​कार्यकर्ताओं ने दिए सुझाव, जयघोष के साथ हुआ समापन
​इस महत्वपूर्ण बैठक में क्षेत्र के अनेक उत्साही कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने संगठन के हित में अपने-अपने बहुमूल्य सुझाव प्रस्तुत किए। सभी ने आगामी कार्यक्रमों को भव्य और ऐतिहासिक रूप से आयोजित करने का सामूहिक संकल्प लिया। बैठक का समापन पूरी ऊर्जा के साथ भारत माता और भगवान श्रीराम के गगनभेदी जयघोष के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *