दो वर्ष पहले भूस्खलन में जमींदोज हुए थे सात मकान, विधायक ने प्रभावितों से मिलकर डीएम को दिए विस्थापन के निर्देश

बेरीनाग। तहसील मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर मनगढ़ गांव में एक बार फिर आपदा का खतरा मंडराने लगा है। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के बीच खड़िया खनन क्षेत्र के पास भूस्खलन शुरू होने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने खतरे की जद में आए पांच घरों को खाली करने का नोटिस दिया है। वहीं, प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

ग्राम प्रधान कवीन्द्र सिंह ने बताया कि खड़िया खनन क्षेत्र के पास दोबारा भूस्खलन शुरू हो गया है। ग्रामीण पिछले दो वर्षों से गांव के प्रभावित परिवारों के विस्थापन और गांव की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनका आरोप है कि अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इससे ग्रामीणों को लगातार डर के साये में रहना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार बहादुर सिंह, बिशन सिंह, राम सिंह, मोहन सिंह, राजन सिंह, कवीन्द्र सिंह और संजय सिंह समेत कई परिवारों के घर आपदा की जद में आ रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को शीघ्र सुरक्षित स्थान पर विस्थापित करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो तहसील कार्यालय में धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

प्रशासन ने पांच घर खाली करने के दिए नोटिस

तहसीलदार दयाल चंद्र मिश्रा ने बताया कि मनगढ़ गांव में आपदा की स्थिति को देखते हुए पांच घरों में रह रहे परिवारों को मकान खाली करने के नोटिस दिए गए हैं। प्रभावित परिवारों को पंचायत घर, आंगनबाड़ी केंद्र और प्राथमिक विद्यालय में शिफ्ट करने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि आपदा की जद में आ रहे परिवारों के विस्थापन की कार्रवाई भी की जा रही है।

दो वर्ष पहले जमींदोज हुए थे सात मकान

मनगढ़ गांव के ग्रामीणों के लिए दो वर्ष पुरानी आपदा की यादें अभी भी ताजा हैं। 12 सितंबर 2024 को खड़िया खनन क्षेत्र में हुए भूस्खलन के कारण गांव के सात मकान जमींदोज हो गए थे, जबकि करीब एक दर्जन अन्य घर खतरे की जद में आ गए थे। उस समय प्रशासन ने एहतियात के तौर पर प्रभावित घरों को समय रहते खाली करा लिया था, जिससे बड़ा हादसा टल गया था। ग्रामीणों ने अपनी आंखों के सामने अपने आशियानों को टूटते और बहते देखा था।

विधायक ने प्रभावितों से की मुलाकात

मनगढ़ गांव में दोबारा आपदा का खतरा पैदा होने की जानकारी मिलने पर विधायक फकीर राम टम्टा शनिवार को गांव पहुंचे। उन्होंने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करने के साथ आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।

विधायक ने मौके से जिलाधिकारी को फोन कर गांव के प्रभावित परिवारों के शीघ्र विस्थापन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों को मुआवजा और तत्काल राहत उपलब्ध कराने के लिए भी कहा। विधायक फकीर राम टम्टा ने कहा कि सरकार आपदा प्रभावित परिवारों के साथ है और उन्हें हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

इस दौरान ग्रामीणों ने विधायक को आपदा से हो रही परेशानियों से अवगत कराया और जल्द से जल्द उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा प्रभावित परिवारों के विस्थापन की मांग की। मौके पर दायित्वधारी दीपक नवेलिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi