मऊ (घोसी)। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती अपने प्रेमी से शादी करने की जिद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। काफी देर तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की सांसें अटकी रहीं। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
मामला घोसी कोतवाली क्षेत्र के मानिकपुर गांव का है। बताया जा रहा है कि युवती अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी, लेकिन किन्हीं कारणों से परिजन तैयार नहीं थे। अपनी मांग मनवाने के लिए युवती ने ‘शोले’ फिल्म के वीरू की तरह आत्मघाती कदम उठाया और गांव में स्थित ऊंचे टावर पर चढ़ गई।

पुलिस और ग्रामीणों की मशक्कत
युवती को टावर की ऊंचाई पर देख नीचे खड़े ग्रामीणों के होश उड़ गए। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची घोसी कोतवाली पुलिस ने युवती को समझा-बुझाकर नीचे उतारने की कोशिश शुरू की। घंटों की कड़ी मशक्कत और मान-मनौव्वल के बाद पुलिस युवती को सुरक्षित नीचे उतारने में कामयाब रही।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस पूरे ड्रामे के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। वहां मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट पर सुर्खियां बटोर रहा है। वीडियो में युवती टावर के ऊपरी हिस्से पर बैठी नजर आ रही है और नीचे खड़ी पुलिस उसे हाथ जोड़कर नीचे आने की विनती कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई
युवती को नीचे उतारने के बाद पुलिस उसे थाने ले गई, जहां महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में उसकी काउंसलिंग की गई। पुलिस का कहना है कि परिजनों को बुलाकर युवती को उनके सुपुर्द करने और मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।