दियोरिया कला । दियोरिया-बीसलपुर मार्ग पर स्थित बहादियां वीर सिंह पुर चौराहे पर बुधवार दोपहर एक हृदय विदारक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने सवारियों से भरे ई-रिक्शा में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक ट्राली से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में बिलसंडा थाना क्षेत्र के ग्राम बबूरा निवासी 60 वर्षीय जसोदा देवी पत्नी राममूर्ति और 14 वर्षीय किशोर राहुल पुत्र श्रीपाल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय ई-रिक्शा में सवार बिलसंडा के ग्राम मार पगार और बबूरा के ग्रामीण इलांवास देवल में आयोजित चैती मेले में मां भगवती के दर्शन करने जा रहे थे, लेकिन इस हादसे ने मेले की खुशियों को मातम में बदल दिया।


​हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रगति चौहान और थानाध्यक्ष गौतम सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मलबे में दबे घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए बीसलपुर सीएचसी भिजवाया। घायलों में मुनेंद्र (26), अमन (12), अन्नपूर्णा (40), राजेश्वरी (30), सुधा (10), शोभा (4), काजल (15) और अनामिका शामिल हैं, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार अत्यधिक होने के कारण चालक उस पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह भीषण दुर्घटना हुई। हादसे के बाद मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिसे खुलवाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। थानाध्यक्ष गौतम सिंह ने बताया कि मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला मुख्यालय भेज दिया गया है और मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *