पीलीभीत। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान से आम जनमानस को राहत पहुँचाने के उद्देश्य से सोमवार को भारत स्काउट और गाइड (उत्तर प्रदेश) जिला संस्था पीलीभीत के तत्वाधान में पूरनपुर तहसील अंतर्गत आसाम चौराहे पर एक विशाल जल सेवा शिविर का आयोजन किया गया। सिटी मजिस्ट्रेट व भारत स्काउट गाइड के मुख्यायुक्त विजय वर्धन तोमर के कुशल नेतृत्व तथा जिला संगठन आयुक्त (गाइड) शालिनी पांडे के कुशल मार्गदर्शन में इस जनसेवा अभियान की रूपरेखा तैयार की गई है। प्रशासनिक स्तर पर यह सुनिश्चित किया गया है कि चिलचिलाती धूप और गर्मी के इस मौसम में राहगीरों को पेयजल की किल्लत न हो, जिसके लिए जनपद की समस्त तहसीलों में लगातार इस प्रकार के जल सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में पूरनपुर क्षेत्र के ऊर्जावान स्काउट्स और गाइड्स ने आसाम चौराहे पर मोर्चा संभालते हुए राहगीरों, मज़दूरों और यात्रियों को रोक-रोककर ठंडा व स्वच्छ जल पिलाया। इस पुनीत कार्य में स्काउट गाइड संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों का भी भरपूर सहयोग और संबल मिला। शिविर के सफल संचालन के दौरान जिला आयुक्त (स्काउट) नरेश चंद्र शुक्ला और प्रशिक्षक योगेश मौर्य ने स्वयं मौजूद रहकर स्काउट्स का उत्साहवर्धन किया और उन्हें सेवा ही संगठन का मूल मंत्र सिखाया।
इस सेवा शिविर को धरातल पर अमलीजामा पहनाने में स्थानीय स्काउट्स ने बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। शिविर में मुख्य रूप से स्काउट अरुण विश्वकर्मा, दीपक भारती, प्रशांत कुमार और श्लोक गुप्ता सहित अनेक स्वयंसेवकों ने अपनी सक्रिय सेवाएं दीं। चौराहे से गुजरने वाले सैकड़ों राहगीरों ने स्काउट और गाइड के इस मानवीय प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की और इस सराहनीय पहल के लिए जिला प्रशासन व संगठन का आभार व्यक्त किया।