​पीलीभीत। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण की समस्या के प्रभावी निराकरण को लेकर बरेली मंडल के आयुक्त भूपेंद्र सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सशस्त्र सीमा बल (SSB) के सीमांत मुख्यालय रानीखेत के महानिरीक्षक अमित कुमार, क्षेत्रक मुख्यालय पीलीभीत के अनिल कुमार शर्मा और 49वीं वाहिनी के कमांडेंट शेर सिंह चौधरी ने प्रतिभाग किया। बैठक के दौरान महानिरीक्षक ने अवगत कराया कि गृह मंत्रालय के निर्देशों के क्रम में ‘नो मैन्स लैंड’ और सीमा रेखा से 0-15 किलोमीटर के भारतीय क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया जाना बेहद संवेदनशील और आवश्यक है। सर्वे ऑफ इंडिया और सर्वे ऑफ नेपाल द्वारा जिन सीमा स्तंभों का सर्वेक्षण पूरा कर उन्हें सही पाया गया है, वहां ‘नो मैन्स लैंड’ पर नेपाली नागरिकों द्वारा किए गए अतिक्रमण को चिह्नित किया गया है। महानिरीक्षक ने आयुक्त से आग्रह किया कि जनपद पीलीभीत के अंतर्गत 49वीं वाहिनी के कार्यक्षेत्र में आने वाली अतिक्रमित वन एवं राजस्व भूमि को खाली कराने के लिए संबंधित विभागों को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए जाएं। बैठक में तय हुआ कि राजस्व, वन विभाग और एसएसबी आपसी समन्वय स्थापित कर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करेंगे ताकि सीमावर्ती क्षेत्रों को जल्द से जल्द पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi