पीलीभीत। अमरिया क्षेत्र में देवहा फीडर नहर पुल से छलांग लगाने वाले ४० वर्षीय धर्मवीर का शव घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर धुंधरी गांव के नजदीक नहर से ग्रामीणों की मदद से बरामद कर लिया गया है। उदयपुर थाना अमरिया के निवासी और तीन बच्चों (राजीव, प्रशांत व चांदनी) के पिता धर्मवीर की इस अचानक मौत से उनकी पत्नी रेशमा देवी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि मृतक अत्यधिक शराब के सेवन का आदी था। गुरुवार दोपहर उसने अमरिया पहुंचकर अपनी शर्ट उतारकर पुल की रेलिंग पर रखी और नहर में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह गहरे पानी में समा गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से देर रात तक तलाश की, पर सफलता नहीं मिली।

उधर, देर शाम तक धर्मवीर के घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, तो पुल पर मिली शर्ट से उसकी पहचान हुई। शुक्रवार दोपहर धुंधरी गांव के पास स्थानीय लोगों ने नहर में तैरते हुए शव को बाहर निकाला, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।