पीलीभीत। भारतीय जनता पार्टी द्वारा बरहा मंडल में विपक्षी दलों की नीतियों के विरोध में विशाल ‘जन आक्रोश मार्च’ का आयोजन किया गया। यह मार्च ईदगाह कॉलोनी से प्रारंभ होकर नौगवाँ पकड़िया तक निकाला गया, जिसमें भारी संख्या में महिलाओं ने प्रतिभाग कर विपक्ष के विरुद्ध अपना कड़ा रोष प्रकट किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित भाजपा बरहा मंडल की प्रभारी श्रीमती ऋचा सिंह पटेल ने मार्च का नेतृत्व किया। जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, अस्मिता और सम्मान की रक्षा केवल भारतीय जनता पार्टी जैसा सभ्य और संस्कारिक राजनीतिक दल ही सुनिश्चित कर सकता है। उन्होंने मातृशक्ति का आह्वान करते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब महिलाओं को अपने घरों से निकलकर भाजपा के पक्ष में सक्रिय योगदान देना होगा।
मंडल स्तरीय इस मार्च में संगठन की एकजुटता देखने को मिली। कार्यक्रम में बरहा मंडल की अध्यक्ष अनीता कश्यप, महामंत्री ऋषि मुनि त्यागी, रविन्द्र वर्मा, आकाश मौर्य, ज्ञानशंकर, वंदना, रामा, जानकी और सौम्या सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता व स्थानीय लोग उपस्थित रहे। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने विपक्षी दलों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और भाजपा की नीतियों के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)