पीलीभीत। भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिले में संगठन को मजबूती देने और आगामी चुनावों की तैयारियों के दृष्टिगत सदर एवं बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्रों में बूथ अध्यक्ष सम्मेलनों का भव्य आयोजन किया गया। इन सम्मेलनों में बूथ स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रमों का औपचारिक शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ।
सदर विधानसभा के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद भाजपा के वरिष्ठ नेता व भूतपूर्व जिला प्रभारी रामगोपाल मिश्रा ने बूथ अध्यक्षों को संगठन की असली नींव और मजबूत सिपाही बताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम के बल पर ही आज पूरे विश्व में भाजपा का डंका बज रहा है। विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि जहां भाजपा भारत माता की सेवा के लिए कार्य करती है, वहीं विपक्ष साम-दाम-दंड-भेद अपनाकर किसी भी तरह सत्ता पाना चाहता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए गन्ना राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने कहा कि बूथ अध्यक्षों के परिश्रम से ही क्षेत्र का विकास संभव हो सका है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज, खमीर फैक्ट्री, ओवरब्रिज और फोरलेन रोड जैसी उपलब्धियों को गिनाया। साथ ही समाजवादी पार्टी और भावी दावेदारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव में भी भाजपा की जीत पूरी तरह सुनिश्चित है। इस कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष विकास श्रीवास्तव ने किया। सम्मेलन में जिला महामंत्री मंगली प्रसाद वर्मा, जिला उपाध्यक्ष रेखा सिंह परिहार, ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गंगवार सहित भारी संख्या में पदाधिकारी व बूथ अध्यक्ष मौजूद रहे।

इसी क्रम में, बरखेड़ा विधानसभा का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन बिठौरा स्थित मेडिकल कॉलेज में आयोजित हुआ, जिसका संचालन जिला मंत्री अमित कुशवाहा ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बरेली के पूर्व जिलाध्यक्ष पवन शर्मा ने कहा कि भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी और 22 राज्यों की सत्ता में है, तो इसका संपूर्ण श्रेय समर्पित बूथ अध्यक्षों की मेहनत को जाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों में विपक्षी दलों को करारा जवाब देकर अधिक से अधिक मतदान कराने का आह्वान किया। इस अवसर पर बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानन्द, पूर्व विधायक किशन लाल राजपूत, पूर्व जिलाध्यक्ष हरद्वारी लाल गंगवार, जिला मंत्री नागेन्द्र गंगवार, जिला आई टी संयोजक हरिओम शर्मा, दीपक सोनकर सहित सभी मंडल अध्यक्ष एवं विधानसभा के समस्त बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे।