पीलीभीत। बिलसंडा में बीते दिन एक स्थानीय व्यापारी की दिनदहाड़े हुई निर्मम हत्या के बाद पूरे जिले के व्यापारी समाज में गहरा रोष और भय का माहौल है। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने इस दुस्साहसिक और जघन्य हत्याकांड की कड़े शब्दों में भर्त्सना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। इस घटना के विरोध में बिलसंडा में नगर अध्यक्ष अरविंद अवस्थी के नेतृत्व में व्यापारियों द्वारा एक विशाल धरना प्रदर्शन भी किया गया।
उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला अध्यक्ष एम. ए. जिलानी ने घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि दिनदहाड़े खुलेआम व्यापारी की हत्या होना क्षेत्र की कानून व्यवस्था की पोल खोलता है। इस वारदात से व्यापारी समाज खुद को पूरी तरह असुरक्षित महसूस कर रहा है। वहीं, युवा विंग के जिला अध्यक्ष शैली शर्मा ने मांग की कि भविष्य में व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और इस तरह की घटनाओं पर पूर्णविराम लगाने के लिए शासन-प्रशासन को तत्काल ठोस कदम उठाने होंगे। व्यापार मंडल ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने 24 घंटे के भीतर अपराधियों को गिरफ्तार नहीं किया, तो व्यापारी हितों की रक्षा के लिए पूरे पीलीभीत जिले में बड़े पैमाने पर उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष एम. ए. जिलानी ने प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से तीन मांगें रखी हैं। उन्होंने मांग की कि अपराधियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को तत्काल सुरक्षा मुहैया कराते हुए वित्तीय सहारे के लिए उचित आर्थिक सहायता की घोषणा हो। इसके अतिरिक्त बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ाकर व्यापारियों की सुरक्षा के लिए एक स्थायी सुरक्षा खाका (सिक्योरिटी ब्लूप्रिंट) तैयार किया जाए। व्यापारियों का कहना है कि वे अपने सम्मान और सुरक्षा के साथ किसी भी कीमत पर कोई समझौता नहीं करेंगे।
इस दौरान जिला अध्यक्ष एम. ए. जिलानी, जिला महामंत्री पंकज अग्रवाल, युवा विंग जिला अध्यक्ष शैली शर्मा, युवा जिला उपाध्यक्ष ऋषभ सिंह, युवा नगर अध्यक्ष आशीष लोधी, कानूनी सलाहकार एडवोकेट आर. के. शर्मा, प्रवक्ता एडवोकेट प्रदीप श्रीवास्तव, जिला महामंत्री (युवा) ऋषभ सिंह, नगर अध्यक्ष रणवीर पाठक, नगर महामंत्री रशीद अंसारी, युवा जिला मंत्री अभिलाष गुप्ता व केतन बाहरी, युवा जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद राजी अंसारी, संगठन मंत्री मोहम्मद हैदर अंसारी, मोहम्मद अदनान अंसारी, शौर्य गंगवार और वैभव रावत सहित भारी संख्या में व्यापारी पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।