पीलीभीत। पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सुनगढ़ी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने क्षेत्र में हुई एक पशु चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की घटना में इस्तेमाल की गई एक मारुति कार (संख्या UP 32 ZN 9547), ₹10,600 की नकदी और तलाशी के दौरान दो स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं।
यह पूरा मामला बीती 7 मई 2026 का है, जब सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के नौगवा पकड़िया निवासी विमल पाथरे के बाड़े से अज्ञात चोरों ने 7 पालतू पशु चोरी कर लिए थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 223/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान इस घटना में लखनऊ के गिरोह का नाम प्रकाश में आया।
दिनांक 29 मई 2026 को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर सुनगढ़ी पुलिस टीम ने पीलीभीत बाईपास माधोटांडा चौराहा से घेराबंदी करके तीन आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान सौरभ (22 वर्ष) निवासी रत्नापुर थाना निगौहा, अक्षय लाल (30 वर्ष) निवासी हरकंशगढ़ी थाना मोहनलालगंज और शुभम रावत (22 वर्ष) निवासी तिलकनगर ऐशबाग थाना बाजारखाला जनपद लखनऊ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में से शुभम रावत का पुराना आपराधिक इतिहास भी है, जिस पर लखनऊ के विभिन्न थानों में छेड़छाड़, पाक्सो, लूट और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।
इस कामयाबी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रद्युम्न कुमार, उपनिरीक्षक राकेश कुमार, हेड कांस्टेबल पुष्पाल सिंह, कांस्टेबल अजय यादव, गौरव कुमार और रिक्रूट कांस्टेबल कपिल कुमार शामिल रहे। गिरफ्तार किए गए सभी अभियुक्तों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।