बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से रिश्तों को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ निरोजपुर गुर्जर गांव में एक कलयुगी पत्नी ने अपने अवैध संबंधों में बाधा बन रहे पति की अपने प्रेमी के साथ मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना का सनसनीखेज खुलासा कर दिया है।

साजिश के तहत खिलाई नशीली खीर
सीओ सिटी बागपत सुकन्या शर्मा ने मामले का पर्दाफाश करते हुए बताया कि मृतक सचिन की पत्नी रचना का गांव के ही सोनू नाम के युवक के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सचिन को जब इस बात की भनक लगी तो उसने इसका विरोध किया। इसके बाद पत्नी रचना ने पति को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची। योजना के मुताबिक, रचना ने पहले पति सचिन को नशीली दवा मिलाकर खीर खिलाई, जिससे वह अचेत हो गया।

प्रेमी को घर बुलाकर घोंटा गला
पति के बेहोश होते ही रचना ने अपने प्रेमी सोनू को चुपके से घर बुला लिया। इसके बाद दोनों ने मिलकर अचेत पड़े सचिन का गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की पैनी जांच के आगे उनकी चालाकी धरी की धरी रह गई।

आरोपी पत्नी गिरफ्तार, प्रेमी फरार
बागपत पुलिस ने गहन तफ्तीश और साक्ष्यों के आधार पर मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी पत्नी रचना को गिरफ्तार कर लिया है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं, वारदात में शामिल फरार प्रेमी सोनू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *