पीलीभीत। बिजली बिलों में गड़बड़ी और किसानों के उत्पीड़न की शिकायतों से नाराज बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय का औचक दौरा किया। विधायक के अचानक दफ्तर पहुंचने से विभाग में हड़कंप मच गया और विवादों में घिरे जूनियर इंजीनियर (जेई) सुनील वर्मा विधायक को देखते ही कार्यालय से भाग खड़े हुए। विधायक ने इस दौरान अधिकारियों को जमकर फटकार लगाते हुए भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त चेतावनी दी।
मामला किसानों को मनमाने ढंग से भारी-भरकम बिल भेजने से जुड़ा है। विधायक को शिकायत मिली थी कि जेई द्वारा किसानों को प्रताड़ित किया जा रहा है और एक पीड़ित किसान का मात्र 10,000 रुपये का बिल बढ़ाकर 80,000 रुपये कर दिया गया। इसी मनमानी का विरोध करने जब विधायक जनता के साथ कार्यालय पहुंचे, तो अधिशासी अभियंता के सामने ही जेई की अनुपस्थिति पर उन्होंने कड़ा रोष व्यक्त किया। अधिशासी अभियंता ने तत्काल जेई को फोन कर विधायक की मौजूदगी की सूचना दी और स्थिति को संभालने का प्रयास किया।

विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने जनता के समक्ष जेई की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह गरीबों और किसानों के आशीर्वाद से विधायक बने हैं और उनका शोषण बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि जेई न केवल बड़े अधिकारियों को गुमराह कर रहे हैं, बल्कि फोन करने पर बदतमीजी और धमकी देने से भी बाज नहीं आते। विधायक ने स्पष्ट लहजे में चेतावनी दी कि सरकार की मंशा गरीबों की सेवा करना है, लेकिन विभाग के कुछ लोग लूट-मार में लगे हैं। उन्होंने अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि पीड़ित किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान हो और भविष्य में ऐसी अनुशासनहीनता होने पर बड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।