पीलीभीत। बरखेड़ा ब्लॉक सभागार में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में ग्राम प्रधान प्रशासकों, बीडीसी सदस्यों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण विकास, मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, प्राकृतिक खेती तथा ग्राम पंचायतों की आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी ग्राम प्रधान प्रशासकों को कड़े निर्देश दिए कि वे अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों की विकास कार्ययोजना शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करें, ताकि ब्लॉक सभागार में अधिकारियों की उपस्थिति में सभी योजनाओं की एक साथ समीक्षा कर आवश्यक कार्यवाही की जा सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने ग्रामीणों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, कन्या सुमंगला योजना, किसान सम्मान निधि, सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान व अन्य पेंशन योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों से इनका लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायत में शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए विशेष अभियान चलाने और आवश्यकतानुसार शिविर आयोजित कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने संबंधी योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों को इससे जोड़ने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से सभी ग्राम पंचायतों में श्मशान भवन निर्माण तथा जर्जर हो चुके पंचायत भवनों की तत्काल मरम्मत एवं सुधार कार्य कराने के भी निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र ने मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाने पर बल दिया। उन्होंने एक महत्वपूर्ण आंकड़े को साझा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत जनपद को कुल 1787 आवासों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसके सापेक्ष अभी तक विकासखंडों से केवल 890 लाभार्थियों की सूची ही प्राप्त हो सकी है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र परिवार योजना का लाभ लेने हेतु अपने ग्राम पंचायत सचिव अथवा खंड विकास अधिकारी से सीधे संपर्क कर सकता है। बैठक में मौजूद बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानन्द ने भी ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और अंतिम छोर पर खड़े पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक, खंड विकास अधिकारी बरखेड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्राम प्रधान प्रशासक एवं बीडीसी सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे।