सितारगंज/बनबसा। शारदा बैराज के पास सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की स्पेशल पेट्रोलिंग पार्टी ने एक संदिग्ध व्यक्ति से 54 इंजेक्शन बरामद किए। एसएसबी के अनुसार, ड्रग इंस्पेक्टर से पुष्टि कराने पर इंजेक्शनों को प्रतिबंधित श्रेणी का बताया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद व्यक्ति और बरामद इंजेक्शनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
एसएसबी की 57वीं वाहिनी, सितारगंज की उप कमांडेंट एवं कार्यवाहक कमांडेंट श्रीमती प्रियदर्शनी निहारिका राय के मार्गदर्शन में स्पेशल पेट्रोलिंग पार्टी सीमावर्ती क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रख रही थी। इसी दौरान शारदा बैराज के पास एक व्यक्ति की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास काले रंग की पॉलीथिन में रखे इंजेक्शन मिले।
एसएसबी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, बरामद इंजेक्शनों में प्रोमेथाजिन हाइड्रोक्लोराइड के 25 एम्प्यूल, डायजेपाम के 4 एम्प्यूल, बुप्रेनॉर्फिन हाइड्रोक्लोराइड (बी-जेसिक) के 24 एम्प्यूल और बुप्रेनॉर्फिन (बी-नॉरफाइन) का 1 एम्प्यूल शामिल है। इस तरह कुल 54 एम्प्यूल बरामद किए गए।
एसएसबी के मुताबिक, संबंधित व्यक्ति ने पूछताछ के दौरान इंजेक्शनों को पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) से नेपाल ले जाकर बेचने की बात कही। मामले में आगे की कार्रवाई संबंधित थाना पुलिस द्वारा की जाएगी।
एसएसबी ने बरामद इंजेक्शनों और पकड़े गए व्यक्ति को आवश्यक औपचारिकताओं के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया। बल के अनुसार, सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर निगरानी और स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय के तहत इस प्रकार की कार्रवाई की जाती है।