फर्रुखाबाद। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मेरठ एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने कायमगंज क्षेत्र से दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 42 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार, एएनटीएफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कायमगंज के बाईपास स्थित बेरिया तिराहे के पास कार्रवाई की। इस दौरान बस से उतर रहे दो संदिग्धों को रोककर उनके बैगों की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान बैगों में रखे पैकेटों से करीब 42 किलो मादक पदार्थ बरामद हुआ। बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार तस्करों में एक आरोपी ओडिशा और दूसरा बिहार का निवासी है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि मादक पदार्थों की यह खेप एटा पहुंचाई जानी थी, लेकिन उससे पहले ही एएनटीएफ ने कार्रवाई करते हुए दोनों को दबोच लिया।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ किस नेटवर्क से जुड़े हैं और इनके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *