रुद्रपुर। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रुद्रपुर क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध हथियार, आठ जिंदा कारतूस तथा दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए हैं।

एसटीएफ निरीक्षक विकास चौधरी ने बताया कि काशीपुर कोतवाली में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों में काशीपुर निवासी सौरभ अग्रवाल और उसका चालक अमित पाल शामिल हैं। दोनों को गुरुवार देर रात रुद्रपुर रोडवेज क्षेत्र से हिरासत में लिया गया।

एसटीएफ के अनुसार आरोपियों के कब्जे से एक 12 बोर पम्प एक्शन ऑटोमैटिक बंदूक, एक .30 बोर ऑटोमैटिक पिस्टल, एक .32 बोर ऑटोमैटिक पिस्टल, विभिन्न बोर के आठ कारतूस और दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद हुए हैं।

गौरतलब है कि 10 जून की रात एसटीएफ और ऊधमसिंहनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में काशीपुर क्षेत्र से एक स्विफ्ट कार से चार अवैध हथियार और 237 कारतूस बरामद किए गए थे। उसी मामले में नामजद आरोपी सौरभ अग्रवाल फरार चल रहा था। अब तक एसटीएफ इस अभियान के तहत तीन मुकदमे दर्ज कर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। जांच के दौरान यह भी पता चला कि बरामद स्विफ्ट कार को चालक अमित पाल ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से काशीपुर में एक पार्किंग में खड़ा कर दिया था। आरोपी के पास से कार की चाबी भी बरामद की गई है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनके संबंध में सूचना विकसित कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही बाहरी राज्यों से उत्तराखंड में स्थानांतरित हुए हजारों शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन अभियान भी लगातार जारी है।

एसटीएफ का कहना है कि जांच में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस फर्जी लाइसेंसों के पूरे नेटवर्क और अवैध हथियारों की आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *