पीलीभीत। जनसेवा और सामाजिक न्याय के प्रतीक रहे पूर्व विधायक श्रद्धेय स्व. पीतमराम जी की चौथी पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर उन्हें अनूठे ढंग से श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर उनके भांजे और समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजकुमार “राजू” ने जनसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूरनपुर और महिला चिकित्सालय को व्हीलचेयर भेंट कीं। ये व्हीलचेयर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. मनीष शर्मा को सौंपी गईं, ताकि अस्पताल आने वाले असहाय और जरूरतमंद मरीजों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
इस मौके पर सयुस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजकुमार “राजू” ने भावुक होते हुए कहा कि उनके मामा स्व. पीतमराम जी का संपूर्ण जीवन गरीबों की आवाज बनने और शोषितों को न्याय दिलाने के लिए समर्पित था। उनकी स्मृति में किया गया यह लघु सेवा प्रयास उनके आदर्शों को सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम में मौजूद पूर्व विधायक अरशद खान और पूर्व जिलाध्यक्ष उमाशंकर यादव ने भी स्व. पीतमराम के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने सदैव समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाने का कार्य किया और आज का यह कार्य उसी सेवाभावी विचारधारा का विस्तार है।
सपा के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष संजय सिंह यादव और पूर्व नगर अध्यक्ष तौफीक अहमद कादरी ने भी दिवंगत नेता को नमन करते हुए कहा कि स्व. पीतमराम केवल एक राजनेता नहीं बल्कि जन-जन के मार्गदर्शक थे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर सपा नेता नादिर रजा बरकाती, जिला सचिव आदर्श पाण्डेय, ओम शर्मा, बसंत भारती, जयपाल सिंह और महेन्द्र सिंह सहित दर्जनों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।