टिहरी। पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश सिंह धनाई ने टिहरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा बड़ा स्यूटा और रामा पजाड़ा का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याएं उनके सामने रखीं। धनाई ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
पूर्व मंत्री ने कहा कि वह लगातार टिहरी विधानसभा क्षेत्र के गांवों में पहुंचकर जनता से संवाद कर रहे हैं और विकास तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को समझने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके जनसंवाद कार्यक्रमों में ग्रामीणों का समर्थन मिल रहा है।
इस दौरान दिनेश धनाई ने अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि टिहरी झील को पर्यटन और साहसिक खेलों के क्षेत्र में पहचान दिलाने के लिए कोटी कॉलोनी में जल, थल और वायु आधारित साहसिक गतिविधियों से जुड़ी अकादमियां स्थापित की गईं। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के चलते टिहरी झील आज पर्यटन के अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर अपनी पहचान बना रही है।
उन्होंने चंबा नगर पंचायत को नगरपालिका परिषद का दर्जा दिलाने, चंबा में पर्यटन से जुड़ी पार्किंग विकसित करने, सुरकंडा मंदिर रोपवे, सुरकंडा पंपिंग पेयजल योजना, बीएससी नर्सिंग कॉलेज और होटल मैनेजमेंट कॉलेज सहित विभिन्न विकास योजनाओं का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधान जसपाल सिंह नेगी और क्षेत्र पंचायत सदस्य अनीता भंडारी ने क्षेत्र के विकास के लिए आगामी चुनाव में पूर्व मंत्री दिनेश धनाई को समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि धनाई के कार्यकाल में टिहरी विधानसभा क्षेत्र में कई विकास योजनाएं शुरू हुईं।
इस मौके पर प्रधान बड़ा स्यूटा जसपाल सिंह नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य अनीता भंडारी, उप प्रधान महावीर सिंह भंडारी, पूर्व प्रधान मंगली पुंडीर, महिला मंगल दल अध्यक्ष ममता पुंडीर, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अनूप सिंह पुंडीर, प्रधान रामा पजाड़ा गीता चौहान, पूर्व प्रधान रतोली प्रेम सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।