पीलीभीत। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील पूरनपुर में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित कर सरकार की मंशा को धरातल पर उतारा। समाधान दिवस में प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और कन्या सुमंगला योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं प्रमाण पत्र सौंपे गए। साथ ही, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत पात्रों को सहायता राशि के चेक भी प्रदान किए गए।
समाधान दिवस के दौरान कुल 35 शिकायती प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 03 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अधिकांश शिकायतें राजस्व विभाग और चकमार्गों से संबंधित रहीं। प्राप्त शिकायतों पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शिकायतों का केवल कागजी निस्तारण न करें, बल्कि स्वयं मौके पर जाकर मुआयना करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निस्तारण के समय दोनों पक्षों की उपस्थिति अनिवार्य होनी चाहिए और गुणवत्ता के साथ समझौता कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय स्तर से जनसुनवाई पोर्टल की शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहाँ पुलिस प्रशासन की आवश्यकता हो, वहां समन्वय बनाकर मौके पर विवादों को हल करें और अपनी रिपोर्ट पोर्टल पर समय से अपलोड करें। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आलोक कुमार, उप जिलाधिकारी पूरनपुर, जिला कृषि अधिकारी सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहा।