​पूरनपुर। तहसील अंतर्गत ग्राम चंदूइया में शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर महिलाओं और ग्रामीणों के बढ़ते आक्रोश के बीच प्रशासन ने जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। क्षेत्रीय विधायक बाबूराम पासवान, एसडीएम मयंक गोस्वामी, सीओ विधि भूषण मौर्य तथा घुंघचाई थाना प्रभारी राजीव कुमार ने गांव पहुंचकर महिलाओं और ग्रामीणों की आपत्तियों को गंभीरतापूर्वक सुना। जनसंवाद के दौरान महिलाओं ने स्पष्ट रूप से शराब की दुकान से होने वाली समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा और इसे गांव से हटाकर किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की पुरजोर मांग की।
​प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी जायज मांगों का नियमानुसार निस्तारण कराया जाएगा। इसके साथ ही दुकान संचालक को कड़े निर्देश दिए गए कि किसी भी स्थिति में ग्राहक की आयु का सत्यापन किए बिना शराब की बिक्री न की जाए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जनभावनाओं और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शराब की दुकान को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने के संबंध में नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi