रुद्रपुर। महानगर के एक चर्चित फ्लोर मिल संचालक एवं अन्य आरोपियों के विरूद्व न्यायालय के आदेश पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा (एफआईआर) दर्ज किया गया है। मामले में एक बाइक सवार ने मारपीट, मोबाइल छीनने, जान से मारने की धमकी तथा अपहरण के प्रयास जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सैजनी निवासी स्वदेश कुमार सिंह उर्फ बंटी ने आरोप लगाया कि 11 दिसंबर 2025 को सुबह करीब 11.30 बजे वह अपनी बाइक से जा रहा था इसी दौरान एक ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए जिससे उसकी बाइक ट्रक से टकरा गई इसके बाद बाइक सवार और ट्रक चालक के बीच कहासुनी होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान एक फ्लोर मिल से जुड़े बलराम अग्रवाल, उनके भाई अशोक अग्रवाल और बलराम का बेटा अरुण अग्रवाल समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे और उसके साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि विवाद के दौरान बलराम ने लोहे की रॉड से उस पर हमला किया गया, जिससे उसे चोटें आईं इसके अलावा उसका मोबाइल फोन छीनने तथा जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास भी किया गया।पीड़ित का कहना है कि मौके पर पहुंचे उसके परिचितों ने बीच -बचाव कर उसे बचाया। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों द्वारा उसे जान से मारने की धमकी दी गई। स्वदेश कुमार सिंह के अनुसार घटना के बाद उसने पुलिस को शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई जिसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली न्यायालय द्वारा मामले का संज्ञान लेने के बाद पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए जिसके बाद संबंधित आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *