पुलभट्टा। थाना पुलभट्टा क्षेत्र में रोडवेज बस चालक के साथ मारपीट की घटना के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी ट्रक चालक हैं और प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक उनके खिलाफ पूर्व में कोई आपराधिक अभियोग दर्ज नहीं है।
पुलिस के मुताबिक, 5 सितंबर 2026 को थाना पुलभट्टा क्षेत्रांतर्गत रोडवेज बस चालक के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सैफ खान पुत्र बाबू खान (23), निवासी शंकर फार्म, थाना पुलभट्टा; सावेज खान पुत्र सरवर खान (24), निवासी शंकर फार्म, थाना पुलभट्टा; और रिजवान पुत्र जमील बख्श (27), निवासी वार्ड नंबर-6, नई सुनहरी, थाना किच्छा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, घटना सार्वजनिक स्थान पर हुई थी। मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार धारा 172 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई है और उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि घटना के समय रोडवेज बस में अन्य यात्री भी मौजूद थे, जिन्हें समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचना था। इसी कारण रोडवेज बस चालक की ओर से घटना के संबंध में तत्काल पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी।
पुलिस के अनुसार, यदि रोडवेज बस चालक की ओर से तहरीर दी जाती है तो उसके आधार पर अलग से अभियोग पंजीकृत कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।