पीलीभीत। जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मीरापुर में साधू के भेष में आए दो अज्ञात ठगों द्वारा एक महिला को अपनी बातों में फंसाकर सोने का मंगलसूत्र ठग लेने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
ग्राम मीरापुर निवासिनी इन्द्रवती पत्नी नरोत्तम सिंह द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, घटना 19 अक्टूबर की दोपहर करीब दो बजे की है। उस समय वह अपनी पुत्रवधू सोनम के साथ घर पर मौजूद थीं और परिवार के अन्य सदस्य काम पर गए हुए थे। इसी दौरान डिस्कवर मोटरसाइकिल से साधू के वस्त्र धारण किए दो अज्ञात व्यक्ति पहुंचे और भीख में खाना मांगने लगे। महिला द्वारा खाना न होने की बात कहने पर दोनों घर के बाहर बैठ गए और कुछ देर बाद अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद उन्होंने पैसों की मांग की।
आरोप है कि मना करने पर दोनों ठगों ने पीड़िता को बातों के जाल में फंसा लिया और झाड़-फूंक तथा तंत्र-मंत्र का बहाना बनाकर महिला से सोने का मंगलसूत्र उतरवाकर अपने पास रख लिया। इसके बाद उन्होंने महिला के हाथ में बोतल का ढक्कन और कुछ चावल पकड़ा दिए, जिसके बाद महिला को होश नहीं रहा और दोनों आरोपी मौका देखकर फरार हो गए। पीड़िता का कहना है कि आसपास के इलाकों में भी पूर्व में इस तरह की घटनाएं घटित हो चुकी हैं। पीड़िता ने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।