पीलीभीत। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने चेन स्नैचिंग की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से छीनी गई पीली धातु की चेन, एक 315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
​जानकारी के अनुसार, गत 11 सितंबर 2026 को अवध नगर कॉलोनी निवासी त्रिवेंद्र कुमार की माता जानकी देवी दुकान से सामान लेकर लौट रही थीं। उसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक द्वारा गठित विशेष टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से जांच आगे बढ़ाई, जिसमें शाहजहांपुर निवासी इरफान उर्फ गुज्जर और फूल कुरैशी की संलिप्तता सामने आई।
​थाना कोतवाली पुलिस टीम (उपनिरीक्षक प्रीतम सिंह, उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र शर्मा, आरक्षी दीपक कुमार एवं ध्रुव देशवाल) ने 18 सितंबर 2026 को कार्रवाई करते हुए पुष्प इंस्टीट्यूट कॉलेज रोड से 24 वर्षीय अभियुक्त इरफान उर्फ गुज्जर पुत्र इस्तिकार (निवासी मोहल्ला बीबीजेई हद्दफ, थाना सदर बाजार, शाहजहांपुर) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ शाहजहांपुर के सदर बाजार थाने में आबकारी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। मामले में वांछित दूसरे अभियुक्त फूल कुरैशी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi