पीलीभीत। पत्रकारिता जगत के निडर और जांबाज सिपाही तथा दैनिक जागरण के बीसलपुर तहसील प्रभारी मृदुल किशोर त्रिगुणायत को अत्यंत गमगीन माहौल में अंतिम विदाई दी गई। उनके असमय निधन से बीसलपुर का संपूर्ण क्षेत्र स्तब्ध है और हर आंख नम है। लखनऊ में इलाज के दौरान निधन के पश्चात जैसे ही उनका पार्थिव शरीर बीसलपुर स्थित उनके निज निवास पर पहुंचा, परिजनों का करुण क्रंदन फूट पड़ा। धर्मपत्नी श्रीमती रंजना त्रिगुणायत सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। इस हृदयविदारक मंजर को देखकर अंतिम दर्शन के लिए उमड़े अपार जनसैलाब की आंखें भी छलक आईं। भतीजे ने अश्रुपूरित वातावरण में उन्हें मुखाग्नि दी, जिसके साथ ही बीसलपुर में पत्रकारिता का एक चमकता दीप हमेशा के लिए बुझ गया।
​उनकी अंतिम यात्रा और अंतिम संस्कार में समाज के हर वर्ग के लोगों ने उपस्थित होकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम संस्कार में किसान नेता देवस्वरूप पटेल, भाजपा विधायक विवेक वर्मा, सौरभ गुप्ता, नगरपालिका बीसलपुर चेयरमैन प्रतिनिधि अमन जायसवाल ‘निक्की’, मझोला चेयरमैन निशांत प्रताप सिंह, बिलसंडा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि महीप सिंह चंदेल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता, सपा नेता डॉ. रत्नेश गंगवार, बीसलपुर ब्लॉक प्रमुख अशोक शर्मा, सहकारी चीनी मिल उपाध्यक्ष नरेश चंद्र शर्मा, राहुल मिश्रा, रमेश शुक्ला, मुकेश उपाध्याय, नागेश पाठक और हेमंत मिश्रा एडवोकेट सहित तमाम गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
​इसके अलावा, पत्रकारिता जगत से जुड़े वरिष्ठ पत्रकारों एवं अधिकारियों ने भी बीसलपुर पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि देने वालों में पीलीभीत से दैनिक जागरण ब्यूरो चीफ पीयूष दुबे, अमर उजाला ब्यूरो चीफ अमित पांडेय, हिन्दुस्तान ब्यूरो चीफ प्रसून शुक्ला, बरेली दैनिक जागरण के प्रसार प्रबंधक सुनील कुमार सिंह, डिप्टी हेड प्रसार मयंक सक्सेना तथा एकाउंट ऑफिसर नरेश चंद्र सहित बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी व छायाकार मौजूद रहे। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi