पीलीभीत। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी कुणाल चौधरी ने पीलीभीत के काशीराम बारातघर में जिला एवं शहर कांग्रेस संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर चुनावी तैयारियों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने मिशन 2027 का आगाज करते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।

कुणाल चौधरी ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से परेशान है और बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान, छात्र, युवा और मध्यम वर्ग समेत समाज के विभिन्न वर्ग समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और धान-गेहूं किसानों की समस्याएं भी बनी हुई हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले 10-15 दिनों से वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों का दौरा कर रहे हैं और हर जगह लोगों से समस्याओं की शिकायतें मिल रही हैं। उनके मुताबिक आलू, मक्का और गन्ना किसान परेशान हैं। उन्होंने बरेली में जलभराव और स्मार्ट सिटी की स्थिति का जिक्र करते हुए प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भय, भूख और भ्रष्टाचार का माहौल है। उन्होंने सरकार पर ‘कर्ज, क्राइम और करप्शन’ के मुद्दे को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि तहसील और जिला मुख्यालयों में भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आ रही हैं। पुलों के क्षतिग्रस्त होने, एक्सप्रेस-वे की खराब स्थिति और हवाई अड्डों से जुड़ी अव्यवस्थाओं का हवाला देते हुए उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

कुणाल चौधरी ने भाजपा सरकार पर जनता की गाढ़ी कमाई के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं और भाजपा सरकार के पास नफरत की राजनीति के अलावा कोई काम नहीं है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान जो संकल्प लिया था, उसे कांग्रेस सड़क से संसद तक उठाने का काम कर रही है। उनके मुताबिक राहुल गांधी लगातार जनता से जुड़े मुद्दों को उठा रहे हैं और वंचित, शोषित एवं अंतिम व्यक्ति की आवाज बनने का प्रयास कर रहे हैं।

कुणाल चौधरी ने कहा कि कांग्रेस ने मिशन 2027 के लिए कमर कस ली है और संगठन को मजबूत कर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी की जा रही है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरप्रीत चब्बा ने कहा कि कांग्रेस जनता के हित में जनता के साथ खड़ी है और जनसमस्याओं को मजबूती से उठाने का काम कर रही है। शहर अध्यक्ष श्रीकृष्ण गंगवार ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में पूर्व प्रत्याशी कृष्णकांत शर्मा, दिनेश दद्दा, तबरेज मुजम्मिल एडवोकेट, पश्चिमी उत्तर प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष पारश शुक्ल, प्रदेश उपाध्यक्ष युवक कांग्रेस अयान खान, बरेली युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष नादिर बेग, अनवर अनीस, ईश्वर दयाल पासवान, कुमुद गंगवार, पुष्पा गंगवार, यूसुफ मलिक, संदीप गंगवार, नागेश पाठक, अभिनव गुप्ता गोल्डी, अल्पसंख्यक कांग्रेस के इश्तियाक अहमद, आशुतोष अग्निहोत्री, कमल गौड़, नरेश शुक्ल, मुनेन्द्र सक्सेना, हरीश मौर्य, राजेश वर्मा, हेमंत गैरोला, भगवत सरन गंगवार, मुन्नी, गुड्डू, जाहिद खान और राजू मिश्र सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi