पीलीभीत। ​नगर पालिका परिषद पीलीभीत की विशेष बोर्ड बैठक बुधवार को टाउन हॉल सभागार में आयोजित की गई, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित 78.35 करोड़ रुपये का मूल बजट बहुमत से पारित कर दिया गया। बैठक की अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने की, जबकि अधिशासी अधिकारी संजीव कुमार, वरिष्ठ सभासद एवं भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य सहित विभागीय अधिकारी एवं सभासद उपस्थित रहे।
​बैठक में बजट के विभिन्न मदों पर विस्तार से चर्चा की गई। पालिका की आय के प्रमुख स्रोतों में गृहकर, जलकर, दुकान किराया, लाइसेंस शुल्क, नीलामी और विज्ञापन के साथ-साथ राज्य वित्त आयोग से लगभग 35 करोड़ और 14वें/15वें वित्त आयोग से करीब 15 करोड़ रुपये की आय का प्रावधान रखा गया है। इसके अतिरिक्त अमृत और वंदन जैसी विभिन्न योजनाओं से भी आय प्राप्त होने की उम्मीद जताई गई।
​विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए बजट में महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। शहर की सीवर एवं जल निकासी व्यवस्था के लिए लगभग 7 करोड़ रुपये, सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत, स्वास्थ्य सेवाओं, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छ भारत मिशन, मलिन बस्ती विकास, पार्क निर्माण और गौशाला संचालन हेतु अलग से धनराशि स्वीकृत की गई। बैठक के दौरान सभासदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को उठाया और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग की, जिस पर पालिकाध्यक्ष ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
​पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि यह बजट शहर के समग्र विकास, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार, बेहतर जल निकासी और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा। इस महत्वपूर्ण अवसर पर साकेत सक्सेना, वतनदीप मिश्रा, निर्मल सिंह, विपिन गंगवार, राशिद हुसैन, सुनीता सिंह, अनस अंसारी, शरीफ अंसारी, जाहिदा बी, इक़बाल हजरत, शैलेन्द्र कौर, पंकज तिवारी, नितिन सक्सेना, शिवम श्रीवास्तव, चैतन्य गंगवार, राजेन्द्र भारती और सुरेश लोधी सहित अन्य सभासद उपस्थित रहे।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं। )

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *