सितारगंज। नयागांव में पीलिया संक्रमण से एक 10 वर्षीय बालक की मौत और कई बच्चों के बीमार होने के मामले ने राजनीतिक रंग पकड़ लिया है। बुधवार को पूर्व विधायक नारायण पाल ने जल संस्थान के खिलाफ सांकेतिक धरना-प्रदर्शन कर विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।
धरने के दौरान पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि गांव में पेयजल आपूर्ति की पाइपलाइन कई स्थानों पर नालियों के बीच से गुजर रही है। पाइपलाइन में जगह-जगह लीकेज होने के कारण दूषित पानी सीधे लोगों के घरों तक पहुंच रहा है, जिससे पीलिया संक्रमण फैलने की आशंका बढ़ गई है। उनका कहना है कि दूषित पेयजल के कारण एक मासूम की जान चली गई और कई बच्चे बीमारी की चपेट में आ गए।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जल संस्थान द्वारा ग्रामीणों की सहमति के बिना कई स्थानों पर पानी के कनेक्शन दिए गए, जिससे पेयजल योजना के संचालन और रखरखाव में गंभीर खामियां सामने आई हैं। उन्होंने विभागीय लापरवाही को इस पूरे मामले के लिए जिम्मेदार ठहराया।
पूर्व विधायक ने नयागांव की पेयजल व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच कराने, क्षतिग्रस्त और लीकेज वाली पाइपलाइनों को तत्काल बदलने तथा दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्रीय जनता के साथ व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन में आकाश अंसारी, पवन दीक्षित, मनोज वाल्मीकि, मनप्रीत सिंह, फेमिस, राजू, शहजाद मलिक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।