​पीलीभीत। पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय पीलीभीत शनिवार को ‘वार्षिक खेल दिवस 2025-26’ का भव्य और उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। इस गौरवशाली अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पीलीभीत के सिटी मजिस्ट्रेट श्री विजय वर्धन तोमर ने शिरकत कर समारोह की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण के साथ हुआ, जिसके पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत किया। प्राचार्य असलम जावेद ने मुख्य अतिथि का अभिनंदन पत्र एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया और अपने संबोधन में विद्यालय की खेल उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इस दौरान छात्राओं द्वारा प्रस्तुत संगीतमय योगासन आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे। मुख्य अतिथि श्री तोमर ने अपने संबोधन में दैनिक जीवन में नियमित खेलकूद के महत्व को रेखांकित करते हुए समस्त प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि, प्राचार्य एवं शिक्षकों ने आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं की औपचारिक शुरुआत की।


​प्रतियोगिताओं के क्रम में सर्वप्रथम कक्षा 5 के छात्र-छात्राओं ने 50 मीटर स्प्रिंट रेस में अपना दमखम दिखाया। छात्रों में देव ने प्रथम, हर्षित ने द्वितीय एवं हम्माद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि छात्राओं में तनिष्का, राजिया व कुम फातिमा क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय रहीं। मुख्य अतिथि ने विजयी बच्चों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इसके उपरांत प्राथमिक और जूनियर वर्ग की अन्य दौड़ प्रतियोगिताओं में भी बच्चों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया। खेल दिवस के अन्य रोमांचक मुकाबलों में U-14 फुटबॉल में रमन व अशोका हाउस विजयी रहे, जबकि U-19 वॉलीबॉल में अशोका हाउस ने प्रथम व टैगोर हाउस ने द्वितीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण शिक्षकों और छात्रों के मध्य खेला गया वॉलीबॉल का मैत्री मैच रहा, जिसमें छात्रों की टीम विजयी रही। समारोह के अंत में वरिष्ठ प्रवक्ता श्री कमलाकांत ने सभी अतिथियों और स्टाफ का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रवक्ता ऋचा त्रिवेदी एवं प्राथमिक शिक्षक यश सक्सेना द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *