पीलीभीत। गोरखपुर में आयोजित प्रांतीय रक्षक दल स्वयंसेवकों के राज्य स्तरीय सम्मेलन का जनपद पीलीभीत के कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में सजीव (लाइव) प्रसारण देखा गया। इस अवसर पर पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, ललौरीखेड़ा ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गंगवार, जिला सूचना अधिकारी, क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी अमित कुमार, छबिराम सिंह, अन्नपूर्णा मिश्रा तथा समस्त विकास खंडों के पीआरडी स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा पीआरडी स्वयंसेवकों के ड्यूटी भत्ते को 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने, पीआरडी स्वयंसेवकों व उनके आश्रितों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा का शुभारंभ करने तथा लखनऊ में पीआरडी जवानों के लिए मल्टी बैरक के निर्माण की घोषणा की गई। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने इन जनकल्याणकारी घोषणाओं की सराहना करते हुए पीआरडी जवानों को पुलिस बल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर पूरी निष्ठा से कर्तव्य पालन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी अमित कुमार द्वारा उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं पीआरडी स्वयंसेवकों का धन्यवाद ज्ञापन किया गया।
