रामनगर/हल्द्वानीः नैनीताल जिले के मुखानी और रामनगर क्षेत्रों में महिलाओं के गले से मंगलसूत्र छीनकर दहशत फैलाने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी शातिर अपराधी फिरोज गांधी (36) को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
वारदात का तरीकाः
अभियुक्त फिरोज गांधी महिलाओं को निशाना बनाने के लिए शातिर तरीके अपनाता था। 30 जनवरी को उसने फतेहपुर में एक महिला से पता पूछने के बहाने मंगलसूत्र झपटा, तो वहीं 4 फरवरी को विठोरिया में दुकान पर सामान खरीदने के बहाने लूट को अंजाम दिया। 6 फरवरी को पीरूमदरा में भी इसी तरह की घटना को अंजाम देकर वह फरार हो गया था।
घेराबंदी और गिरफ्तारीः
पुलिस अधीक्षक (हल्द्वानी) मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। कालाढूंगी रोड पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर की बाइक पर सवार फिरोज को पकड़ा गया, हालांकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भागने में सफल रहा।
अपराधिक इतिहासः
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि फिरोज गांधी पर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के रामपुर में हत्या, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट जैसे 10 गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से लूट के दो पेंडेंट बरामद किए हैं।
पुलिस टीम को शाबाशीः
इस सफल खुलासे के लिए एसएसपी ने थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी, क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी और एसओजी (ैव्ळ) टीम की सराहना की है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।