रामनगर। स्विफ्ट कार से बरेली से गर्जिया की ओर घूमने जा रहे दो डॉक्टर शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय चिकित्सालय में उपचार के बाद दोनों को बरेली रैफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक बरेली स्थित रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज में एनेस्थेसिया विभाग के पीजीजेआर सेकंड ईयर के छात्र डॉ. प्रस्तुति पुत्री रतन सिंह मूल निवासी इंदौर मध्यप्रदेश व डॉ. अभिषेक पुत्र रमेश मूल निवासी कर्नाटक शुक्रवार की सुबह बरेली से गर्जिया घूमने के लिए निकले थे। सुबह सात बजे जब दोनों गर्जिया से कुछ ही दूर पहले रिंगोड़ा पहुंघे तो उनकी स्विफ्ट कार की सामने से आ रहे पिकअप वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार दोनों डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया। चिकित्सकों के मुताबिक महिला प्रस्तुति के सिर पर व पैरों में व अभिषेक के पैरों और कूल्हे में गंभीर चोटें आई हैं। घायलों की हालत गंभीर होने के चलते घायलों के कहने पर चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।