कोलकाता। पश्चिम बंगाल पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के चर्चित नेता जहांगीर खान को नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, वह कथित तौर पर नेपाल भागने की कोशिश कर रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे पूछताछ के लिए कोलकाता लाया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई फलता विधानसभा सीट पर पिछले महीने 21 तारीख को हुए पुनर्मतदान से जुड़े मामले में की गई है। मतदान से महज 48 घंटे पहले जहांगीर खान ने अचानक चुनाव मैदान से नाम वापस ले लिया था, हालांकि उनका नाम तृणमूल कांग्रेस के चुनाव चिन्ह के साथ मतपत्र पर बना रहा। मतगणना में वह चौथे स्थान पर रहे और सीट पर भाजपा उम्मीदवार ने जीत दर्ज की।
चुनाव में हार के बाद से ही जहांगीर खान अपने आवास और पार्टी कार्यालय से गायब था। इस बीच, कलकत्ता हाईकोर्ट की अवकाश पीठ ने उसके खिलाफ दर्ज पांच मामलों में मिली अंतरिम सुरक्षा बढ़ाने से इनकार कर दिया था।
जहांगीर खान को तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी का करीबी माना जाता है। राज्य में राजनीतिक परिस्थितियां बदलने के बाद कई ग्रामीणों ने उस पर जबरन जमीन कब्जाने और वसूली जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह नेपाल सीमा तक कैसे पहुंचा और उसके फरार रहने के दौरान किसने उसकी मदद की। गिरफ्तारी के बाद मामले में नए खुलासों की संभावना जताई जा रही है।