पीलीभीत। बेसिक शिक्षा कल्याण समिति पीलीभीत की एक महत्वपूर्ण बैठक बिलसंडा स्थित रश्मि धर्मेन्द्र आरडी पब्लिक इण्टर कालेज में मंगलवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जंग बहादुर पटेल ने की तथा संचालन उदयराज सिंह यादव द्वारा किया गया। इस दौरान जनपद के कई दर्जन विद्यालय संचालक उपस्थित रहे और निजी विद्यालयों को आ रही व्यावहारिक समस्याओं पर गहन मंथन किया गया।


​बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव राजेश पटेल ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्कूल संचालक को डरने की आवश्यकता नहीं है और किसी भी साथी का उत्पीड़न या शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विद्यालय संचालन में आ रही प्रशासनिक बाधाओं के समाधान हेतु समिति निरंतर संघर्षशील है। आरटीई शुल्क वृद्धि, यू-डाइस संशोधन, 2009 से पूर्व संचालित विद्यालयों को नई शिक्षा नीति के कड़े मानकों व फायर एनओसी से मुक्त रखने तथा प्री-प्राइमरी को यू-डाइस से जोड़ने जैसी प्रमुख मांगों को लेकर पूर्व में शिक्षा निदेशक एवं जॉइंट डायरेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया था, जिस पर आश्वासन भी मिला था। जल्द ही समिति की टीम पुनः लखनऊ जाकर रिमांडर सौंपेगी और यदि मांगे पूरी नहीं हुईं तो व्यापक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही, अमान्य कक्षाओं के नाम पर नोटिस जारी करने वाले अधिकारियों से समिति ने श्वेत-पत्र जारी कर शोषण न होने की गारंटी देने की मांग की।


​बैठक में प्रदेश संयुक्त सचिव रामदास गंगवार ने सभी संचालकों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन की शक्ति से ही हर समस्या का समाधान संभव है। यदि अधिकारियों से वार्ता के बाद भी किसी संचालक की समस्या हल नहीं होती है, तो समिति उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। वहीं, जिलाध्यक्ष राजबहादुर गंगवार ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया।
​कार्यक्रम के दौरान शोक सभा का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश एडीटर वी.के. गुप्ता तथा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विजय कुमार पाठक की पत्नी के दुखद निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।


​बैठक को जिला उपाध्यक्ष देवेन्द्र कुमार गंगवार, जिला महासचिव मुकेश मौर्य, जिला सचिव मोहम्मद तौफीक, शकील अहमद, एम.पी. प्रजापति, धर्मेन्द्र कुशवाह, भूपेंद्र कुमार, सुरेश चंद्र, बलराम सिंह, उदय राजपूत, मुनेन्द्र पाल, राकेश कुमार सिंह, ओम प्रकाश, सियाराम, धर्मपाल सिंह, वीरपाल सिंह, हरिराम, विष्णु प्रताप सिंह, आलोक शुक्ला, विजय पाण्डेय, यूनिस खान, राम कुमार, अनिल शुक्ला, दीपक सिंह गंगवार, राजेश्वरी, राकेश कुमार, आनन्द प्रकाश, परविन्द्र शुक्ला, रामदेव द्विवेदी, शिव ओम कुशवाह, विनोद कुमार एवं कमलेश कुमार सहित अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi