रुद्रपुर। समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अधिवक्ता परिषद, उत्तराखंड की ऊधमसिंहनगर इकाई द्वारा आवास विकास स्थित शिव शक्ति मंदिर परिसर में निःशुल्क न्याय परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी विभिन्न कानूनी समस्याओं पर विशेषज्ञ अधिवक्ताओं से मार्गदर्शन प्राप्त किया।

शिविर में जिला न्यायालय ऊधमसिंहनगर के अनुभवी अधिवक्ताओं ने भूमि एवं संपत्ति विवाद, पारिवारिक और वैवाहिक मामलों, उत्तराधिकार संबंधी समस्याओं, श्रम एवं रोजगार कानून, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों समेत विभिन्न कानूनी विषयों पर नागरिकों को निःशुल्क परामर्श प्रदान किया।

इस अवसर पर अधिवक्ता परिषद के जिला अध्यक्ष अधिवक्ता डी.डी. गुणवंत, महिला प्रमुख सुभाषनी द्विवेदी, जिला महामंत्री अधिवक्ता दुर्गेश मोहन शर्मा, उपाध्यक्ष अनीता सक्सेना, उपाध्यक्ष राजीव कुमार शर्मा, मंत्री रेनू तिवारी तथा कोषाध्यक्ष अधिवक्ता विजय प्रजापति सहित अनेक अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि न्याय केवल जागरूक और संपन्न वर्ग तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपने अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से परिषद समय-समय पर न्याय परामर्श शिविरों का आयोजन कर आमजन को कानूनी सहायता उपलब्ध करा रही है।

शिविर में आए लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया। अधिकारियों ने भविष्य में भी ऐसे शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक कानूनी जागरूकता पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *