मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में करीब डेढ़ महीने से लापता 17 वर्षीय राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए फास्ट फूड विक्रेता श्याम धानक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पैसों के विवाद में अनुष्का की हत्या कर शव नाले में फेंकने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार कंकरखेड़ा क्षेत्र के शोभापुर में रहने वाली अनुष्का अपने छोटे भाई के साथ किराये के कमरे में रहती थी। उसके घर के पास ही आरोपी श्याम धानक की फास्ट फूड की दुकान थी, जहां अनुष्का अक्सर खाना खाने जाती थी। इसी दौरान उस पर करीब 3600 रुपये का उधार हो गया था।

जांच में सामने आया कि 15 अप्रैल की रात उधार के पैसों को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर श्याम ने ईंट से अनुष्का के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को पास के नाले में फेंक दिया और फरार होकर चंडीगढ़ चला गया।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शव बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

अनुष्का पाल राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी थीं और कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर पुरस्कार जीत चुकी थीं। परिजनों के अनुसार हाल ही में उन्होंने एक प्रतियोगिता में 60 हजार रुपये का पुरस्कार भी जीता था। अनुष्का की उपलब्धियों पर परिवार और गांव को गर्व था। उनकी मौत से परिजनों में शोक की लहर है और पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi