रुद्रपुर/नानकमत्ता: धर्मांतरण के आरोपों से जुड़े संवेदनशील मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। ग्राम नवीनगर, उप तहसील नानकमत्ता में 19 अप्रैल 2026 को धार्मिक पूजा की आड़ में कथित धर्मांतरण को लेकर हुए हंगामे के बाद जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि मामला प्रथम दृष्टया संवेदनशील है और इसमें कानून-व्यवस्था, सामाजिक समरसता व जनसुरक्षा से जुड़े पहलू शामिल हैं। इसलिए निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच जरूरी है। इसके लिए अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय की अध्यक्षता में 7 सदस्यीय जांच टीम गठित की गई है।
जांच टीम में पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी शामिल किए गए हैं, जिनमें अपर पुलिस अधीक्षक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, संबंधित एसडीएम, सीओ और स्थानीय अभिसूचना इकाई के अधिकारी शामिल हैं।
प्रशासन ने टीम को 15 दिनों के भीतर प्रमाण आधारित रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। साथ ही 5 मई को दोपहर 12 बजे टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण और शिकायतकर्ता परिवार से मुलाकात का कार्यक्रम तय किया गया है।
प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)