रुद्रपुर। काशीपुर रोड स्थित फ्लाईओवर पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर फ्लाईओवर पर चढ़ गई और कूदकर जान देने की धमकी देने लगी। युवती ने चेतावनी दी कि यदि शाम 4 बजे तक आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वह छलांग लगा देगी।
युवती के हाथ में एक पोस्टर भी था। उसका आरोप है कि एक युवक ने शादी का झांसा देकर कई सालों तक उसका शारीरिक शोषण किया और अब शादी से इनकार कर रहा है। पीड़िता का कहना है कि उसने पुलिस में शिकायत भी दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस प्रशासन में हलचल मच गई। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और युवती को समझाने का प्रयास किया। काफी देर की मशक्कत के बाद पुलिस ने संयम बरतते हुए उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया और कोतवाली ले गई।
पुलिस के मुताबिक, युवती की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के चलते कुछ समय के लिए फ्लाईओवर पर यातायात भी प्रभावित रहा और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)