रूद्रपुर। मुख्यमंत्री उत्तराखंड पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जनपद ऊधमसिंहनगर पुलिस धर्मांतरण जैसे संवेदनशील मामलों पर पूरी गंभीरता एवं सख्ती के साथ कार्यवाही कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी व्यक्ति द्वारा लालच, भय, दबाव अथवा झूठे प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

हाल ही में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में धर्मांतरण से संबंधित तीन प्रकरण प्रकाश में आए हैं प्रथम प्रकरण में वादी रामपाल द्वारा कोतवाली खटीमा में तहरीर देकर आरोप लगाया गया कि जयसिंह राणा,द्रोपती राणा एवं पास्टर सुनील जार्ज द्वारा प्रार्थना सभाओं के माध्यम से हिंदू धर्म के विरुद्ध दुष्प्रचार करते हुए बीमारी ठीक करने का झांसा तथा आर्थिक सहायता का लालच देकर परिवार पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया गया,उक्त मामले में कोतवाली खटीमा में अभियोग पंजीकृत किया गया है। द्वितीय प्रकरण में वादी सोहन सिंह द्वारा थाना नानकमत्ता में तहरीर देकर बताया गया कि गौरी सिंह एवं उसके अन्य साथियों द्वारा गांव में चर्च नुमा ढांचा बनाकर मसीह धर्म का प्रचार किया जा रहा है तथा धर्म परिवर्तन के बदले पाँच लाख रुपये का प्रलोभन देकर परिवार को डराने-धमकाने का प्रयास किया गया इस संबंध में उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम सहित अन्य धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।

तृतीय प्रकरण में वादी अंकित सिंह राणा द्वारा आरोप लगाया गया कि पास्टर दान सिंह राणा द्वारा थारू समाज के लोगों को गुमराह करते हुए हिंदू धर्म के प्रति नफरत फैलाने तथा सामाजिक भेदभाव समाप्त करने के नाम पर झूठे प्रलोभन देकर लोगों को ईसाई धर्म अपनाने हेतु प्रताड़ित किया जा रहा है इस संबंध में भी कोतवाली खटीमा में अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति द्वारा इन सभी मामलों को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष एवं प्रभावी जांच हेतु एसआईटी गठित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। एसआईटी का पर्यवेक्षण पुलिस उपाधीक्षक विभव सैनी द्वारा किया जाएगा जबकि टीम में संबंधित अभियोगों के विवेचक, थाना प्रभारी तथा एसओजी की सर्विलांस टीम को शामिल किया जाएगा। जनपद पुलिस आमजन से अपील करती है कि यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा भय,दबाव,धोखाधड़ी अथवा लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया जाता है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें कानून व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *