नई दिल्ली। भारत में पहली बार आंध्र प्रदेश के उंडवल्ली हेलीपोर्ट पर हेलीकॉप्टर संचालन के लिए पहली निजी पॉइंट-इन-स्पेस (PINS) व्यवस्था को मंजूरी दी गई है। इस आधुनिक प्रणाली के लागू होने के साथ ही देश में हर मौसम में सुरक्षित हेलीकॉप्टर संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
नागर विमानन मंत्रालय के अनुसार, पीआईएनएस (Point-in-Space) प्रणाली उन्नत उपग्रह आधारित नेविगेशन तकनीक पर आधारित है। यह उन हेलीपोर्ट पर सुरक्षित उड़ान और लैंडिंग सुनिश्चित करती है, जहां पारंपरिक जमीनी नेविगेशन सुविधाएं उपलब्ध नहीं होती हैं।
मंत्रालय ने बताया कि खराब मौसम और जमीनी नेविगेशन सहायता के अभाव में भी यह प्रणाली हेलीकॉप्टरों के सुरक्षित संचालन में बेहद प्रभावी साबित होगी। इस तकनीक का विकास भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने किया है।
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने इस उपलब्धि को भारतीय नागरिक उड्डयन क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि इससे सुरक्षित उड़ान, परिचालन दक्षता और हर मौसम में हेलीकॉप्टर सेवाओं के नए युग की शुरुआत होगी। साथ ही यह देश के अन्य हेलीपोर्टों पर भी पीआईएनएस प्रणाली लागू करने का मार्ग प्रशस्त करेगा।