बेंगलुरु। कर्नाटक के बेंगलुरु दक्षिण तालुक स्थित मदपटना गांव में एक पत्थर खदान में बड़ा हादसा हो गया। कावेरी क्रशर स्टोन क्वारी में काम के दौरान विशाल चट्टान गिरने से सात प्रवासी श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
हादसा उस समय हुआ जब मजदूर खदान में कार्य कर रहे थे। अचानक भारी चट्टान गिरने से कई श्रमिक उसकी चपेट में आ गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही खदान मालिकों की तलाश की जा रही है। मृतकों में बिहार, मध्य प्रदेश और उत्तरी कर्नाटक के निवासी शामिल हैं।
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डॉ. जी. परमेश्वर ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को खदान मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर जारी संदेश में उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।