​पीलीभीत। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में दानवीर भामाशाह की जयंती पर जिले के समाजसेवी और दानवीर व्यापारियों को सम्मानित किया गया। जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह टहलानी के नेतृत्व में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने पीलीभीत नगर के विभिन्न व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर जाकर पटका पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका सम्मान किया।


​इस अवसर पर भामाशाह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह टहलानी ने कहा कि दानवीर भामाशाह मेवाड़ के गौरव थे। जब महाराणा प्रताप मुगलों से युद्ध करते-करते आर्थिक संकट में आ गए थे, तब भामाशाह ने अपनी समस्त संपत्ति मातृभूमि की रक्षा के लिए समर्पित कर दी थी। उनके त्याग और राष्ट्रभक्ति की मिसाल इतिहास में अमर है। आज के व्यापारी वर्ग को भी भामाशाह के आदर्शों पर चलकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। दान और सेवा ही सच्चा व्यापार धर्म है। उन्होंने आगे कहा कि पीलीभीत के जो व्यापारी कोविड काल, बाढ़ आपदा एवं अन्य सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर सहयोग करते हैं, वे आधुनिक युग के भामाशाह हैं और व्यापार मंडल ऐसे सभी दानवीरों का सदैव ऋणी रहेगा।


​कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह टहलानी, जिला महामंत्री स्वतंत्र देवल, पीयूष अग्रवाल, युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष प्रतीक सक्सेना और युवा मोर्चा के नगर महामंत्री सागर देवल मुख्य रूप से उपस्थित रहै.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi